सुलतानपुर में बृहस्पतिवार सुबह वाराणसी से आ रही कोयले से लदी मालगाड़ी एवं यहां से वाराणसी की तरफ जा रही खाली मालगाड़ी आमने-सामने टकरा गई। रेलवे सूत्रों ने बताया कि रेलवे स्टेशन के दक्षिण में केविन के पास यह घटना घटी जिसमें मालगाड़ी के नौ डिब्बे पलट गए एवं कई अन्य पटरी से उतर गए। दोनों मालगाड़ियों के चालक घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक इस दुर्घटना से लखनऊ-वाराणसी एवं अयोध्या-प्रयागराज रेलवे मार्ग बाधित हो गये। कुछ डिब्बों को अलग कर उन्हें रेलवे स्टेशन पर ले जाया गया और रेलवे क्रासिंग को खाली कराया गया है। सूत्रों के अनुसार लखनऊ-वाराणसी तथा अयोध्या-प्रयागराज मार्गों पर आने-जाने वाली सभी ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया है।

वैसे यह घटना किस कारण हुई, उसके बारे में अभी कोई भी रेलवे अधिकारी बताने को तैयार नहीं हैं। रेलवे के कर्मियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारण का पता चल सकेगा। रेलवे पटरी भी काफी क्षतिग्रस्त हो गई है। जेसीबी द्वारा पलटे डिब्बों को हटाने का कार्य जारी है।

सूत्रों के मुताबिक दोनों रेलवे मार्गों को सुचारू रूप से चालू होने में लगभग सात से आठ घंटे लग सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



