उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीरें ट्विटर पर साझा की है। तस्वीर में प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री के कंधे पर हाथ रखे हुए नजर आ रहे है। तस्वीर के सीएम योगी ने लिखा ‘जिद है एक सूर्य उगाना है-एक भारत नया बनाना है।’’
पुलिस महानिदेशकों के सम्मेलन में शामिल होने आए प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार रात से ही लखनऊ प्रवास पर हैं और राजभवन में ठहरे हैं। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने राजभवन में प्रधानमंत्री के साथ की अपनी दो तस्वीरें रविवार को ट्विटर पर साझा की हैं। दोनों तस्वीरों में प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री के कंधे पर हाथ रखे हुए कुछ समझाने के अंदाज में नजर आ रहे हैं और योगी-मोदी के कदम आगे की ओर बढ़ रहे हैं।
हम निकल पड़े हैं प्रण करके
अपना तन-मन अर्पण करके
जिद है एक सूर्य उगाना है
अम्बर से ऊँचा जाना है
एक भारत नया बनाना है pic.twitter.com/0uH4JDdPJE— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 21, 2021
इन तस्वीरों के साथ मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘हम निकल पड़े हैं प्रण करके, अपना तन-मन अर्पण करके, जिद है एक सूर्य उगाना है, अम्बर से ऊंचा जाना है, एक भारत नया बनाना है।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने इस ट्वीट को पुन: ट्वीट करते हुए कहा कि ‘‘प्रचंड विजय की ओर बढ़ते कदम।’’
गौरतलब है कि 403 विधानसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष की शुरुआत में चुनाव होना है और सत्तारूढ़ दल भाजपा ने इस बार भी 300 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सहयोगियों समेत 325 सीटों पर विजय प्राप्त की थी।


Download Android App
Download iOS App



