यूपी चुनाव : बीजेपी ने जारी की 91 उम्मीदवारों की एक और सूची, जानिए किसे और कहां से मिला टिकट

Summary :

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपने 91 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी

उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपने 91 उम्मीदवारों की एक और सूची जारी कर दी। इस सूची में पार्टी के राज्य सरकार के मंत्रियों सिद्धार्थ नाथ सिंह, उपेंद्र तिवारी, नंदकुमार गुप्ता नंदी, सूर्य प्रताप शाही को उम्मीदवार घोषित किया गया है। पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक सिंह इलाहाबाद पश्चिम से, तिवारी बलिया जिले के फेफना, नंदी इलाहाबाद दक्षिण और शाही पत्थरदेवा से चुनावी मैदान में उतरेंगे।
सीएम योगी के सुचना सलाहकार को भी मिला टिकट 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सूचना सलाहकार शलभमणि त्रिपाठी को पार्टी ने देवरिया से उम्मीदवार बनाया है। पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए समाजवादी पार्टी के विधायक सुभाष राय को आम्‍बेडकर नगर जिले की जलालपुर सीट से टिकट दिया गया है। इसी प्रकार कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राकेश सचान को भोगनीपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी अब तक 294  उम्मीदवारों के नाम का कर चुकी है ऐलान 
इसके साथ ही भाजपा ने 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अब तक 294 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश में भाजपा अपना दल एस और निषाद पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।

Desk Team