UP चुनाव : BJP नेता और रेसलर बबीता फोगाट पर FIR दर्ज, जानें क्या है मामला?

Summary :

बीजेपी नेता और रेसलर बबीता फोगाट व अन्य 60 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार कर रहे नेताओं और उम्मीदवारों पर धड़ाधड़ केस दर्ज हो रहे हैं। इसी कड़ी में बीजेपी नेता और रेसलर बबीता फोगाट व अन्य 60 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस ने चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
बबिता फोगाट और बागपत से बीजेपी उम्मीदवार कृष्णपाल मलिक व अन्य 60 लोगों पर सोमवार को आईपीसी की धारा 269, 270 और 188 के तहत मामला दर्ज किया गया। दरअसल, उनका एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन्हें बागपत में एक सार्वजनिक रैली करते हुए देखा जा सकता है।

UP चुनाव 2022 : आगरा कैंट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगी किन्नर राधिका बाई

पुलिस के मुताबिक, फोगाट बदौत के बाली गांव में कृष्णपाल मलिक के लिए प्रचार करने गई थी, जो इलाके के मौजूदा विधायक भी हैं। उन्होंने गांव में एक जनसभा को संबोधित किया जिसमें किसी ने भी मास्क नहीं पहना था। आरोप है कि जनसभा करने के लिए जिला प्रशासन से भी कोई अनुमति नहीं ली गई।
फोगाट द्वारा अपने ट्विटर अकाउंट पर अभियान से संबंधित तस्वीरें अपलोड करने के बाद प्रशासन ने कथित चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का स्वत: संज्ञान लिया। बागपत पुलिस स्टेशन के निरीक्षक हरीश चंद्र ने कहा, “हमने चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित कोरोना प्रोटोकॉल और दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने के लिए आईपीसी और महामारी रोग अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कृष्णपाल मलिक, बबीता फोगट और 50-60 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।”

Desk Team