यूपी चुनाव : सीएम योगी आज गोरखपुर से भरेंगे नामांकन, गृहमंत्री शाह समेत कई बड़े नेता रहेंगे मौजूद

Summary :

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर जाएंगें

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर जाएंगें और भाजपा के प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए बताया,  मैं आज अपने गोरखपुर शहर से विधान सभा चुनाव-2022 में सहभागिता हेतु नामांकन करूंगा। भाजपा ने योगी को गोरखपुर शहर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। 
गृहमंत्री अमित शाह भी रहेंगे मौजूद 
भाजपा के यहां स्थित प्रदेश कार्यालय की ओर से प्राप्त जानकारी के मुताबिक दोपहर लगभग 12 बजे योगी के नामांकन के समय केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र  प्रधान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहेंगे। योगी गोरखनाथ मंदिर में पूजा अर्चना कर कलेक्ट्रेट में एडीएम वित्त एवं राजस्व कोर्ट (कक्ष संख्या 24) में नामांकन दाखिल करेंगे। 
नामांकन के बाद सभी नेता गोरखपुर मंदिर जाएंगें
नामांकन से पहले अमित शाह, धर्मेंद्र प्रधान और स्वतंत्र देव सिंह स्थानीय महाराणा प्रताप इंटर कालेज में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शहर के विभिन्न वर्गो के चुने हुए एक हजार प्रतिनिधि चुनाव आयोग के निर्देशों का अनुपालन करते हुए जनसभा में शामिल होंगे। इन लोगों में शिक्षाविद, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता, उद्यमी, व्यापारी, अधिवक्ता समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं प्रतिनिधि एवं जन प्रतिनिधि होंगे। इस सभा का प्रसारण सोशल मीडिया पर भी किया जाएगा। नामांकन के बाद योगी, शाह, प्रधान एवं सिंह समेत सभी नेता गोरखनाथ मंदिर में दर्शन पूजन-हेतु जाएंगें।

Desk Team