नागरिकता संशोधन कानून और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार सहित कई मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने गुरुवार को विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केन्द्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काकोरी में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन की भनक लगते ही पुलिस ने पूर्व विधायक इरशाद खां को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।
काकोरी में ताड़तला वार्ड से विरोध जुलूस निकाला गया, जिसे पुलिस ने लाठी फटकार कर खत्म कर दिया। नागरिकता संशोधन कानून विरोधी प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार है। राजधानी के हर गाली-कूचे पर पुलिस मुस्तैद है। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शाम पांच बजे तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया है। पुलिस हर स्थिति में प्रदर्शनकारियों को रोकने की तैयारी में है।
CAA विरोध प्रदर्शन : दिल्ली के कई मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश-निकास द्वार बंद, लाल किले के पास धारा 144 लागू
पुलिस-प्रशासन के बड़े अफसरों ने सड़क मार्च कर लोगों से संपर्क किया। सभी संवेदनशील इलाकों में निगरानी का जिम्मा मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को दिया गया है। देर रात पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने पुलिस लाइन में बैठक कर सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। वहीं पार्टी कार्यालय आ रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
विभिन्न संगठनों की ओर से परिवर्तन चौक पर प्रस्तावित धरने के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाई गई। चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी मुस्तैद है। विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने थानों में मदरसों के मुतवल्लियों, सिविल डिफेंस समेत अन्य लोगों के साथ बैठकें की। मुतवल्लियों से बच्चों को समझाने की अपील की गई। सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से कई संगठन शहर में धारा 144 लागू होने के बावजूद विरोध प्रदर्शन करने पर उतारू हैं।


Download Android App
Download iOS App



