आगमी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में करीब डेढ़ वर्षो बाद कांग्रेस की महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी आज लखनऊ आ रही है। वह मिशन 2022 की तैयारियों को धार देंगी। वह शुक्रवार को दोपहर 12 बजे लखनऊ पहुंचेंगी। लगभग डेढ़ वर्ष बाद लखनऊ आ रही प्रियंका गांधी शुक्रवार और शनिवार को लखनऊ में रहेंगी। सूत्र के मुताबिक प्रियंका रविवार को अमेठी और रायबरेली जा सकती हैं।
प्रियंका गांधी अपने दौरे में कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने के गुर देंगी तो विधानसभा चुनाव का घोषणापत्र तैयार करने की कवायद भी शुरू करेंगी। यही कारण है कि वह पार्टी से इतर समस्याओं से जूझ रहे किसानों, युवाओं व बेरोजगारों से भी मुलाकात करेंगी। प्रदेश प्रवक्ता सुधांशु बाजपेयी ने बताया कि तीन दिवसीय दौरे पर लखनऊ आ रहीं प्रियंका शुक्रवार दोपहर 12 बजे अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगी।
एयरपोर्ट से वह आलमबाग, चारबाग, केकेसी तिराहा, बर्लिगटन चौराहा, बापू भवन, विधान भवन होते हुए जीपीओ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। इसके बाद प्रियंका प्रदेश कांग्रेस कमेटी दफ्तर पहुंचेंगी जहां वह प्रदेश कार्यकारणी के पदाधिकारियों तथा जिला/शहर अध्यक्षों के अलावा विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगी।
17 जुलाई को अमेठी व रायबरेली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों से मुलाकात के बाद वह प्रतियोगी छात्रों, बेरोजगार मंच के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। फिर वह पूर्व सांसदों, विधायकों जिला व शहर अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों के पूर्व अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद वह फ्रंटल संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों के अध्यक्षों, जिला पंचायत सदस्यों व ब्लाक प्रमुखों के साथ बैठक करेंगी।