उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने कोरोना वायरस मामलों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक नई पहल की है। अब वह राज्य भर में अपने सभी प्रमुख बस स्टेशनों पर रीयूजेबल मास्क बेचेगा।
यूपीएसआरटीसी के प्रबंध निदेशक राज शेखर ने कहा, “निगम के 100 प्रमुख बस स्टेशनों पर कोविड हेल्प डेस्क और पूछताछ काउंटर पर यह मास्क उपलब्ध होंगे। इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रोडवेज बसों में यात्रा करने वाले यात्री कोविड -19 दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करें। वे अपनी और अपने सह-यात्रियों की सुरक्षा के लिए मास्क पहनें।”
शेखर ने कहा कि रोडवेज की बसों में तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे यात्रियों को फेस मास्क के महत्व के बारे में बताएं, ताकि इस घातक वायरस के प्रसार को रोका जा सके। अभी तक राज्य में करीब 1,32,000 लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। अधिकारी ने बताया, “ये मास्क ऐसे कपड़े से बनें हैं जिन्हें घर पर धोया जा सकता है। ये केवल 6 रुपए प्रति पीस की कीमत पर उपलब्ध हैं। रोडवेज यात्रियों को बस स्टेशनों पर घोषणाओं के माध्यम से इस सेवा के बारे में सूचित किया जाएगा।”
यूपीएसआरटीसी मुख्यालय के सूत्रों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में लगभग 10 हजार मास्क बेचे गए हैं। इन मास्क की जबरदस्त मांग है क्योंकि ज्यादातर यात्री यात्रा के दौरान मास्क पहनना भूल जाते हैं। फेस मास्क उपलब्ध कराने के अलावा यूपीएसआरटीसी यात्रियों से सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए बस स्टेशनों पर नियमित तौर पर घोषणाएं भी करा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



