उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि सभी जिलों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शीत ऋतु में कोई भी व्यक्ति खुले में ना सोए और यदि कोई ऐसा व्यक्ति दिखे तो उसे रैन बसेरों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शीत ऋतु में गरीबों और निराश्रितों को राहत पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी जिलों में रैन बसेरों की व्यवस्था की है। सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री आज अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
सीएम योगी ने कहा कि रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाओं के साथ सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और इनके संचालन में कोविड-19 से बचाव के सभी प्रबंध किए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग अपने बजट का सदुपयोग करें और इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बुंदेलखण्ड एवं विंध्य क्षेत्रों में क्रियान्वित की जा रहीं पेयजल योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए इनकी गहन निगरानी की जाए।
सीएम योगी ने कहा कि पेयजल की बड़ी योजनाएं संचालित करने के लिए धनराशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। कामगारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार ने ‘उत्तर प्रदेश कामगार और श्रमिक (सेवायोजन एवं रोज़गार) आयोग’ गठित किया है। यह आयोग पूरी तरह सक्रिय रहकर श्रमिकों के लिए अधिक से अधिक सेवायोजन एवं रोजगार के अवसर सृजित कराए। बैठक में राज्य के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



