योगी सरकार का बड़ा तोहफा: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़कर ₹12000, सहायिकाओं को मिलेंगे ₹6000

Summary :

यूपी सरकार ने रक्षाबंधन पर सीतापुर की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12,000 और सहायिकाओं का 6,000 रुपये प्रतिमाह कर दिया है। कलेक्ट्रेट में सजीव प्रसारण देख कार्यकत्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

Sitapur news

Sitapur news : उत्तर प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी है। अयोध्या के राजकीय इंटर कॉलेज से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में ऐतिहासिक घोषणा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय बढ़ाकर 12 हजार रुपये और सहायिकाओं का मानदेय 6 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सजीव प्रसारण के दौरान यह घोषणा सुनते ही कार्यकत्रियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

मानदेय वृद्धि की घोषणा पर झूमीं कार्यकत्रियां, मंत्रियों ने सराहा योगदान

कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण के दौरान नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ एवं कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही विशेष रूप से मौजूद रहे। मंत्रियों ने कहा कि आंगनबाड़ी बहनें गांवों में स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास की सबसे मजबूत रीढ़ हैं। मुख्यमंत्री ने मानदेय बढ़ाकर उनकी वर्षों की मेहनत का सम्मान किया है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवकुमार गुप्ता ने भी सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बताया।

गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और नौनिहालों का हुआ अन्नप्राशन

कार्यक्रम के दौरान परंपरा और संस्कारों का खूबसूरत संगम देखने को मिला। दोनों राज्यमंत्रियों ने गर्भवती महिलाओं की विधि-विधान से गोदभराई कराई और 0 से 5 माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मंच पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

अंतिम पायदान तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: डीएम डॉ. राजागणपति आर.

जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने कार्यकत्रियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक मशीनरी का संकल्प है कि हर पात्र लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने जमीनी स्तर पर सेवाओं को और अधिक धार देने की बात कही। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी गौरव स्वर्णकार समेत सभी संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।