उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब अपराधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई होती है तो इन दलों के नेताओं को पीड़ा होती है। योगी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जनविश्वास यात्रा को रवाना करते हुए कहा,‘‘कल मैं देख रहा था आयकर विभाग के छापे पड़ रहे थे, तो सपा को दर्द हो रहा था। 5 साल में किसी की संपत्ति 2 गुना कैसे हो जाती है, ये सब सपा की सत्ता में हो सकता था। ये चोर की दाढ़ी में तिनका ही है,जो इनकी छटपटाहट को बताता है।’’
SP को दंगाइयों और आतंकवादियों को गले लगाना लगता है अच्छा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘‘इन लोगों को फ्री राशन, फ्री वैक्सीन जनता को देना अच्छा नहीं लगता। दंगाइयों, अपराधियों और माफियाओं पर होने वाली कार्रवाई उन्हें अच्छी नहीं लगती। उन्हें दंगाइयों और आतंकवादियों को गले लगाना अच्छा लगता है।’’ योगी ने दावा किया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ और ना ही किसी को दंगों के कारण पलायन करना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार के 5 वर्ष पूरे हो रहे हैं, कोई भी दंगा नहीं हुआ, कोई भी पलायन नहीं हुआ।’’
कल इनकम टैक्स के छापे पड़ रहे थे और समाजवादी पार्टी को पीड़ा हो रही थी…#JanVishwasYatra pic.twitter.com/2HZwDHsNYv
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) December 19, 2021
संकुचित बुद्धि वाले विकास मॉडल को नहीं करेंगे स्वीकार
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति सुधरने के कारण पहले जो लोग पलायन कर गये थे वे लोग वापस आए हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनकी सरकार में पलायन हुआ तो पेशेवर अपराधियों, माफियों और दंगाइयों का हुआ। इसीलिए सपा और बसपा को पीड़ा हो रही है।’’ उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस वक्तव्य को भी गलत तरीके से प्रचारित करने का आरोप लगाया जो उन्होंने शुक्रवार को शाहजहांपुर में देते हुए विकास कार्यों के लिये उत्तर प्रदेश सरकार की सराहना करते हुए दिया था।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘‘कल शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा एक्सप्रेस वे का शिलान्यास किया, लेकिन जिनको प्रदेश का विकास अच्छा नहीं लगता उन्होंने ही प्रधानमंत्री के वक्तव्य पर गलत ट्वीट किया। जिन लोगों के पास संकुचित बुद्धि है वो विकास के मॉडल को कभी स्वीकार नहीं करेंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



