Leopard in Mumbai Flat: मुंबई के मीरा भायंदर इलाके में तेंदुआ घुस जाने के बाद अफरा-तफरी मच गई। बीपी रोड स्थित साईं बाबा अस्पताल के पीछे ‘पारिजात बिल्डिंग’ में एक तेंदुएं ने घुसकर आतंक मचा दिया। इस हमले में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

तेंदुए को देखते ही स्थानीय निवासियों ने सुरक्षा के लिहाज से अपने घरों को अंदर से बंद कर लिया। हालांकि, वहां मौजूद लोगों ने कड़ी मेहनत के बाद तेंदुए को एक कमरे में कैद करने में सफलता पाई। इस घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
Leopard in Mumbai Flat: कैमरे में कैद हुआ तेंदुए का आतंक
View this post on Instagram
सामने आए वीडियो फुटेज में तेंदुआ इमारत के परिसर और सीढ़ियों पर दौड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। वह एक छत से दूसरी छत पर छलांग लगा रहा था, जिससे लोगों में भारी डर फैल गया। इसी बीच, तेंदुए ने एक महिला पर भी हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। वीडियो में स्थानीय लोग लहूलुहान और बेहोश महिला को खिड़की के रास्ते बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित महिला को इलाज के लिए साईं बाबा अस्पताल ले जाया गया है।
Leopard in Bhayandar: वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

स्थिति पर काबू पाने के लिए वन विभाग की टीम ट्रैंक्विलाइजर गन के साथ बिल्डिंग में पहुंच चुकी है। तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए एक बड़ा पिंजरा भी मंगाया गया है। पुलिस और वन अधिकारियों ने पूरी बिल्डिंग की घेराबंदी कर दी है ताकि तेंदुआ कहीं और न भाग सके। घटना की सूचना मिलते ही मंत्री प्रताप सरनाईक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बचाव कार्य का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया।
Mumbai News Today: शादी की खुशियों के बीच बड़ा हादसा
मंत्री प्रताप सरनाईक ने जानकारी दी कि घायलों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है और तेंदुए को काबू में करने के लिए अब तक चार इंजेक्शन दिए जा चुके हैं। दो घायलों की स्थिति बेहद चिंताजनक है, जिनमें अंजलि टाक नाम की युवती भी शामिल है। अंजलि की तीन दिन बाद शादी होने वाली थी, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को गम में बदल दिया। बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए उसे केईएम (KEM) अस्पताल में शिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




