नोएडा प्राधिकरण की डेडलाइन खत्म होने के बाद जनता ने किया पार्थला फ्लाईओवर का उद्घाटन, देखें वीडियो

Summary :

पर्थला गोलचक्कर पर केबल सस्पेंशन ब्रिज बनाया गया है। इस प्रोजेक्ट को अप्रैल 2023 की शुरुआत में जनता को सौंपने की तैयारी थी लेकिन बनने के बाद भी नहीं सौंपा गया। तो जनता ने खुद ही उद्घाटन कर दिया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दिल्ली और नोएडा की जनता पिछले काफी टाइम से नोएडा में बन रहे पर्थला ब्रिज के खुलने का इंतजार कर रही  थी। मगर नोएडा प्राधिकरण ने इस ब्रिज का उद्घाटन कर इसे नहीं खोला तो आम जनता ने खुद ही इसका उद्घाटन कर दिया। पर्थला ब्रिज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें कुछ लोग पर्थला ब्रिज पर लगे बैरियर को हटा देते हैं।
ये वायरल वीडियो इंटरनेट पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां कुछ लोग इस वीडियो में आम जनता के खुद ही ब्रिज को खोलने पर हैरानी जता रहे हैं तो वहीं, कुछ लोग ऐसे भी जो आम जनता के इस काम का सपोर्ट कर रहे हैं क्योंकि नोएडा के लोग लंबे वक्त से इसके खुलने का इंतजार कर रहे थे लेकिन तय दिन पर भी इसके नहीं खुलने के बाद लोगों ने ये कदम उठाया है।
बताया जा रहा है कि नोएडा प्राधिकरण के अफसरों ने कहा था कि 12 जून को पर्थला ब्रिज को खोला जाएगा। पर्थला ब्रिज खुलने का इंतजार कर रही जनता को जब लगा कि अधिकारी ब्रिज नहीं खोलेंगे तो जनता ने खुद ही ब्रिज खोल दिया। इंटरनेट पर पर्थला ब्रिज को खोलने का ये 16 सेकंड का वीडियो आग की तरह फैल रहा है और लोग इसे ज्यादा से ज्यादा शेयर कर रहे हैं।

वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि फ्लाईओवर पर चढ़ने के रास्ते में सीमेंट के बड़े पाइप से सड़क को ब्लॉक किया गया है। कुछ लोग पाइप को हटा देते हैं, जिसके बाद गाड़ियां जाने लगती हैं। एक ट्विटर यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, जनता ने अपने आप खोला पर्थला ब्रिज। इस वायरल वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।
खास बात ये है कि इस ब्रिज का काम दिसंबर 2020 में शुरु हुआ था। इसका निर्माण  जून 2022 में ही पूरा हो जाना था, लेकिन तय वक्त पर पर्थला ब्रिज का काम पूरा नहीं हो पाया, तो डेट आगे बढ़ा दी गई। इसके बाद इस ब्रिज को बनाने के लिए नई समय सीमा 31 मार्च 2023 थी। मगर एक बार फिर काम पूरा नहीं हो पाया। इस ब्रिज का काम इसी साल मई में पूरा हुआ। इसके बावजूद भी जून में इसे नोएडा प्राधिकरण द्वारा नहीं खोला गया। 

Desk Team