मुनस्यारी : भारत चीन सीमा की सुरक्षा के अलावा भारत तिब्बत सीमा पुलिस के हिमवीरों द्वारा सीमा क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मुनस्यारी के निकट स्थित पर्यटक स्थल महेशर कुंड सहित आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत कई क्विंटल कूड़ा साफ किया गया। 14वीं वाहिनी आटीबीपी जाजरदेवल के सेनानी अशोक कुमार टम्टा के नेतृत्व में मुनस्यारी चौकी के जवानों के साथ अभियान चलाया।
प्राकृतिक धरोहर महेशर कुंड सहित उसके आसपास के क्षेत्र में ग्रामीणों की मदद से सफाई अभियान चलाया गया। इस अवसर पर सेनानी ने लोगों को इस तरह की धरोहरों के संरक्षण के लिए तत्पर रहने तथा इसके लिए बल द्वारा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने इस कुंड के जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया। इस मौके पर बल के हरगोविंद, उप सेनानी चतुर्वेदी, सहायक सेनानी डॉ. नितिन कुमार सहित वन पंचायत सरमोली की वन सरपंच मल्लिका विर्दी सहित सभी वन पंचायत सदस्यों और ग्रामीणों ने भाग लिया।
महेशर कुंड मुनस्यारी के निकट स्थित प्रसिद्ध पर्यटक स्थल है। मुनस्यारी आने वाले पर्यटक महेशर कुंड तक ट्रेकिंग करते हैं। यहां पर महेशर कुंड के अलावा चारों तरफ घना जंगल है। जो पर्यटकों को आकर्षक करता है। महेशर कुंड पर्यटकों का पसंदीदा स्थल है। इस स्थल की लंबे समय से साफ सफाई नहीं होने से कुंड के सौंदर्य में कमी आ रही थी। इधर आइटीबीपी और वन पंचायत सरमोली की पहल पर कुंड सहित आसपास के क्षेत्र की सफाई किए जाने की मुनस्यारी की जनता ने सराहना की है।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



