Telangana Man Builds Grave: आमतौर पर लोग मौत का नाम सुनते ही सिहर जाते हैं और जीवन के अंतिम क्षणों पर चर्चा करने से भी बचते हैं। लेकिन तेलंगाना के जगित्याल जिले के 80 वर्षीय नक्का इंद्रैया ने इस डर को चुनौती देते हुए एक अनूठी मिसाल कायम की है। इंद्रैया अपनी मृत्यु का इंतजार किसी बेबसी में नहीं, बल्कि पूरे स्वाभिमान और तैयारी के साथ कर रहे हैं। उन्होंने जीते-जी न केवल अपनी कब्र तैयार करवाई है, बल्कि उसे एक भव्य महल की तरह सजाया भी है।
Telangana Viral Man News: कब्र नहीं ‘भविष्य का घर’

जगित्याल के लक्ष्मीपुर गांव में रहने वाले इंद्रैया की दिनचर्या जितनी अद्भुत है, उतनी ही प्रेरणादायक भी है। वे रोज सुबह नियम से अपनी कब्र स्थल पर जाते हैं, वहां लगे पौधों को सींचते हैं और ग्रेनाइट के पत्थरों की सफाई करते हैं। उनके लिए यह स्थान डरावना नहीं, बल्कि सुकून देने वाला है। वे घंटों अपनी कब्र के पास बैठकर समय बिताते हैं और इसे अपना ‘आगामी घर’ मानते हैं। उनका कहना है कि चूंकि उन्हें मृत्यु के बाद यहीं विश्राम करना है, इसलिए उन्होंने इसे अपनी पसंद के अनुसार खुद तैयार करवाया है।
12 Lakh Grave Construction: ग्रेनाइट स्थल पर खर्चे 12 लाख रूपए

अपनी अंतिम यात्रा को यादगार बनाने के लिए इंद्रैया ने करीब 12 लाख रुपये निवेश किए हैं। उन्होंने अपनी पत्नी की समाधि के समीप ही अपनी कब्र बनवाई है, जिसे तैयार करने के लिए विशेष रूप से तमिलनाडु से कारीगर बुलाए गए थे। 5 फीट गहरी और 6 फीट लंबी यह कब्र पूरी तरह ग्रेनाइट से निर्मित है ताकि समय के साथ यह खराब न हो। इसकी बनावट ऐसी है कि मृत्यु के बाद ऊपर के पत्थर को आसानी से हटाकर उन्हें दफनाया जा सकेगा और फिर इसे दोबारा पूरी तरह सील कर दिया जाएगा।
Telangana Man Builds Grave: संघर्षों ेसे भरा रहा जीवन

इंद्रैया का जीवन संघर्षों से भरा रहा, 10 साल की उम्र में पिता का देहांत होने के बाद उन्होंने कड़ी मेहनत की और 45 साल दुबई में कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम कर बिताए। आज उनके चार बच्चे हैं, लेकिन वे अपने अंतिम संस्कार के लिए भी किसी पर आश्रित नहीं रहना चाहते। अपनी जमा-पूंजी से इस कार्य को पूरा कर वे संदेश देना चाहते हैं कि मौत सत्य है और इससे डरने के बजाय इसे सहजता से स्वीकार करना चाहिए। इंद्रैया कहते हैं, “मैं किसी पर बोझ नहीं बनना चाहता। मुझे कम से कम यह तसल्ली है कि मेरा अंतिम स्थान कहां और कैसा होगा।”


Download Android App
Download iOS App




