देहरादून : एशियन डेवलपमेंट बैंक ने उत्तराखण्ड के शहरों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास तथा सीवरेज ट्रीटमेंट के लिये 1700 करोड़ रूपये की सहायता देने की सैद्धान्तिक सहमति प्रदान की है। यह जानकारी एडीबी के इण्डिया रेजीडेण्ट मिशन के कन्ट्री डायरेक्टर केनिची योकोयामा ने दी। श्री योकोयामा ने अपने सहयोगियों के साथ उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर भेंट की। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने एडीबी के दल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड सरकार प्रदेश की नगरीय अवस्थापना सुविधाओं को विकसित करने तथा उन्हें बेहतर बनाने के लिये प्रतिबद्ध है।
एडीबी द्वारा प्रदान किये जाने वाली सहायता का शत-प्रतिशत पूर्ण क्षमता के साथ सदुपयोग किया जायेगा। उत्तराखण्ड के नगरीय क्षेत्र स्थानीय जनता के साथ-साथ बड़ी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की फ्लोटिंग पाॅपुलेशन से भी अच्छादित रहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में संस्थागत प्रक्रियाओं को पारदर्शी और आउटकम बेस्ड बनाया जा रहा है। श्री योकोयामा ने बताया कि एडीबी द्वारा नगर निगमों सहित शहरी क्षेत्रों में अवस्थापना सुविधाओं, सीवर प्लांट, जलापूर्ति हेतु सहायता दी जायेगी।
मुलाकात के दौरान नगर विकास मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, नगर विकास सचिव आर.के.सुधांशु, वित्त सचिव अमित नेगी, एडीबी साउथ एशिया के नगर विकास डिविजन के निदेशक शेखर बोनू, एडीबी की विशेषज्ञ एलेक्जेन्ड्रा वोल आदि उपस्थित थे।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



