बारात में ‘तमंचे पर डिस्को’ का वीडियो वायरल, आर्केस्ट्रा के आगे युवक ने लहराई बंदूक, तलाश में जुटी पुलिस

Summary :

शादी समारोह में इस तरह का वीडियो आम हो गया है। इस वीडियो में एक शख्स आर्केस्ट्रा में बंदूक लहराते दिखाई दे रहा है। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी की तालाश जारी है।

शादी फंक्शन में फायरिंग ना करने की सलाह दे जाती है और ऐसा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त एक्शन भी लेती है। मगर इसके बावजूद लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आते हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर शादी समारोह में अक्सर फायरिंग का वीडियो वायरल होते रहते हैं। इतना ही नहीं कई बार तो शादी में ढोल नगाड़ों के बीच फायरिंग में किसी को गोली लगने से किसी की मौत की खबरें भी देखने को मिलती है।
इसी बीच अब एक वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक हवा  में बंदूक लहराते दिखाई दे रहा है। ये वीडियो उत्तर प्रदेश से सामने आया है जिसके सामने आते ही पुलिस ने इस मामले जांच शुरु कर दी है और इस बंदूक लहराने वाले युवक की तलाश की जा रही है। हालांकि ये वीडियो अबतक कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया है।
दरअसल, वायरल हो रहा वीडियो यूपी के देवरिया का है। इस वीडियो में एक शख्स आर्केस्ट्रा में बंदूक लहराते दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि ये वीडियो एक बारात का है जो अब वायरल हो गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स आर्केस्ट्रा में डांस कर रही महिला को एक हाथ से पैसे दे रहा है और दूसरे हाथ से बंदूक लहरा रहा है। थोड़ी देर बाद वहां खड़े कुछ और लड़के उसे वहां से लेकर चले जाते हैं।

ये घटना देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। इस वीडियो पर देवरिया पुलिस ने कहा कि इस प्रकरण के संबंध में एकौना थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और कार्यवाही की जा रही है। वैसे आज के दौर में शादी समारोह और बारात में फायरिंग होना आम बात हो गई है। कुछ लोग अपना रूतबा दिखाने के लिए भी शादी के दौरान फायरिंग करते हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस अभी वीडियो में बंदूक के साथ दिख रहे युवक की तलाश में जुटी है।

Desk Team