आंखों के इलाज के लिए विदेश जा सकेंगे टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी, सुप्रीम कोर्ट से मिली सशर्त मंजूरी

Summary :

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने उन्हें आंखों के इलाज के लिए तीन हफ्ते की विदेश यात्रा की सशर्त मंजूरी दे दी है। इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने यात्रा पर रोक लगाई थी।

Abhishek Banerjee Supreme Court

Abhishek Banerjee Supreme Court : तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने उन्हें अपनी आंखों के इलाज के लिए सितंबर महीने में 3 हफ्ते के लिए विदेश जाने की अनुमति दे दी है।

इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने एक कथित हेट स्पीच मामले में उनके विदेश जाने पर रोक लगा दी थी, जिसके खिलाफ बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने उन्हें राहत तो दी, लेकिन साथ ही कई सख्त शर्तें भी लागू की हैं।

कोर्ट ने लगाईं कई कड़ी शर्तें

Abhishek Banerjee Supreme Court
SOURCE: SOCIAL MEDIA

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी केवल अपने डिप्लोमैटिक पासपोर्ट (राजनयिक पासपोर्ट) का इस्तेमाल करके ही यात्रा कर सकेंगे। इसके अलावा, उन्हें अपनी फ्लाइट डिटेल्स, विदेश में ठहरने का पता, अस्पताल और इलाज करने वाले डॉक्टरों की पूरी जानकारी पहले ही जमा करानी होगी।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच एजेंसियां चाहें तो इन जानकारियों का इस्तेमाल अपनी जांच के लिए कर सकती हैं, हालांकि उन्हें इस पूरे डेटा को पूरी तरह गोपनीय (कॉन्फिडेंशियल) रखना होगा।

क्या था कलकत्ता हाईकोर्ट का फैसला?

पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान दर्ज हुए एक मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने बनर्जी की विदेश यात्रा पर पाबंदी लगाई थी। हाईकोर्ट ने उनसे कहा था कि वे पहले कोलकाता के एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल में अपनी आंखों की जांच कराएं, ताकि यह तय हो सके कि विदेश जाना सचमुच जरूरी है या नहीं।

हाईकोर्ट से राहत न मिलने पर बनर्जी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे, जहां शीर्ष अदालत ने 3 अगस्त को हाईकोर्ट को एक हफ्ते में सुनवाई का निर्देश दिया था। आखिरकार अब शीर्ष अदालत ने उन्हें इलाज के लिए सशर्त विदेश यात्रा की अनुमति दे दी है।

यह भी पढ़ें – पुलिस कस्टडी में TMC कार्डर की मौत के बाद परिवार से मिलने पहुंची ममता बनर्जी की गाड़ी पर पथराव

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।