इजराइली सेना ने रविवार को कहा कि उसने गाजा में उस स्थान के करीब एक बड़ी सुरंग ढूंढ निकाली है, जो किसी जमाने में इजराइल में प्रवेश के लिए व्यस्त जगहों में से एक मानी जाती थी। सुरंग के मिलने से इजराइली खुफिया एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल उठ रहा है कि सात अक्टूबर को घातक हमले के लिए हमास की इस तरह की विशिष्ट तैयारियों पर उनसे चूक कैसे हुई। सुरंग का प्रवेश मार्ग किलेबंद इरेज क्रॉसिंग और पास के इजरायली सैन्य अड्डे से केवल कुछ सौ मीटर की दूरी पर है।
4 किलोमीटर से ज्यादा लंबी सुरंग
सेना ने कहा कि सुरंग चार किलोमीटर से ज्यादा लंबी और उसकी चौड़ाई इतनी है कि उसमें से गाड़ियां आराम से गुजर सकती हैं। सेना के मुताबिक, यह सुरंग गाजा में एक बड़े सुरंग नेटवर्क से जुड़ी हुई है, जहां से सात अक्टूबर के हमले की तैयारी के लिए वाहनों, चरमपंथियों और हथियारों की आपूर्ति की गई हो सकती है।
मुख्य सैन्य प्रवक्ता, रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने शुक्रवार को सुरंग के प्रवेश द्वार का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से कहा, ”इस समय, यह गाजा की सबसे बड़ी सुरंग है।” हालांकि अभी साफ नहीं है कि इस सुरंग का इस्तेमाल सात अक्टूबर को किया गया था या नहीं। सेना के प्रवक्ता मेजर निर दीनार ने कहा कि इजराइली सुरक्षा बलों को सात अक्टूबर से पहले सुरंग के बारे में पता नहीं था क्योंकि इजराइल की सीमा सुरक्षा ने केवल इजराइल में प्रवेश करने वाली सुरंगों का ही पता लगाया था। शुक्रवार को सुरंग का दौरा करने वाले दीनार ने कहा कि यह गाजा में मिली अन्य सुरंगों की तुलना में दोगुनी ऊंची और तीन गुना ज्यादा चौड़ी है। उन्होंने कहा कि यह सुरंग हवादार और बिजली से लैस है और कुछ जगहों पर यह 50 मीटर तक गहरी हो जाती है।
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि सुरंग के निर्माण और रखरखाव के लिए लाखों डॉलर के साथ-साथ बड़ी मात्रा में ईंधन और कार्यबल की आवश्यकता रही होगी।


Download Android App
Download iOS App

