पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना महामारी के संकट से जूझ रही है, तमाम देशों की सरकारें इस वायरस से निपटने के लिए कोशिश कर रही हैं। मगर इन सब के बीच आतंकवादी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। पाकिस्तान के कराची में कथित तौर पर बड़े हमले की साजिश रच रहे अलकायदा के चार संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी। आतंकवादियों को एक आतंकवाद निरोधक अदालत के समक्ष पेश किया गया जिसने उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
आतंकवाद निरोधक विभाग (सीटीडी) के प्रभारी राजा उमर के मुताबिक चारों आतंकवादियों को रविवार को गिरफ्तार किया गया। ये लोग कराची स्टॉक एक्सचेंज, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और शहर की अदालत पर हमले की साजिश रच रहे थे। उन्होंने कहा कि वे हाल में अफगानिस्तान से लौटे थे। इन लोगों के पास से विस्फोटक, डेटोनेटर, हथगोले, हथियार, वीडियों और नक्शों के साथ ही संचार उपकरण बरामद किये गए हैं।
उमर ने कहा, “आज उन्हें अदालत में पेश किया गया जिसने उन्हें 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।” उन्होंने कहा, “इन लोगों ने कराची स्टॉक एक्सचेंज की टोल ली थी और इसके साथ ही पुलिस प्रशिक्षण केंद्र व शहर की अदालत की भी रेकी की थी।” उमर ने कहा कि आतंकवादी उमर बिलाल, आमिर और वसीम ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि मुहम्मद हनीफ उर्फ जर्रार नाम का एक हाई प्रोफाइल आतंकवादी उनका नेतृत्व कर रहा था जो अफगानिस्तान से काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि इन चारों ने कराची में एक सुरक्षित पनाहगाह बनाई थी और आतंकी हमलों को अंजाम देने के लिये संभवत: सही वक्त का इंतजार कर रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



