काबुल : अफगानिस्तान के दो प्रांतों में 75 आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरूवार को यह जानकारी दी।
प्रांतीय गर्वनर अब्दुल सतार मिर्जाकवल ने बताया कि कुनार प्रांत के मनोगी जिले में आज सुबह इस्लामिक स्टेट (आईएस) के 16 आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण किया और अपने कुछ हथियार भी सौंपे।
उन्होंने बताया कि सोमवार को भी मनोगी जिले में नौ आईएस आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया था।
रक्षा मंत्रालय ने आज बताया कि बुधवार को पश्चिमी घोर प्रांत के शहराक जिले में करीब 50 तालिबान आतंकवादियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘घोर प्रांत के शहराक जिले में अब्दुल कादिर और मुल्ला मुस्तफा के नेतृत्व में 50 तालिबान आतंकवादी शांति एवं राष्ट्रीय सुलह प्रक्रिया में शामिल हो गये हैं। इन आतंकवादियों ने अपने कुछ हथियार भी सौंप दिये हैं।’’
अफगानिस्तान में जनवरी की शुरुआत से अब तक 300 से अधिक आतंकवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं क्योंकि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ पूरे देश में मुहिम शुरू कर रखी है। आतंकवादियों समूहों ने अभी तक इन रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया नहीं दी है।


Download Android App
Download iOS App



