कोरोना वायरस के चलते दुनियाभर में स्वामीनारायण संप्रदाय के सभी मंदिर रहेंगे बंद

Summary :

स्वामीनारायण संप्रदाय ने दुनियाभर में अपने सभी मंदिर बंद करने और अगले आदेश तक सभी नियमित गतिविधियां निलंबित करने का ऐलान किया है।

चीन के वुहान शहर से फैले कोरोना वायरस ने अब विश्व के लगभग 115 देशों को अपनी चपेट में ले लिया हैं। हालांकि दुनियाभर में इससे बचाव के उपाय खोजे जा रहे हैं। लेकिन अब तक विशेषज्ञो के हाथ इस संक्रमण से निपटने के लिए कोई ख़ास सफलता नहीं लगी है।
ऐसे में कोरोना वायरस से बचाव को लेकर लोग काफी सतर्क हो गए है। साथ ही विशेषज्ञो की सलाह को ध्यान में रखते हुए लोग अधिक भीड़ वाली जगहों पर जाने से बच रहे है।  इसी के मद्देनजर स्वामीनारायण संप्रदाय ने दुनियाभर में अपने सभी मंदिर बंद करने और अगले आदेश तक सभी नियमित गतिविधियां निलंबित करने का ऐलान किया है। 

कोरोना वायरस को लेकर Trump का बड़ा एक्शन, US में इमरजेंसी लागू

बता दें कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) कोरोना वायरस को महामारी घोषित कर चुका है। इससे अबतक 5 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जिनमें अमेरिका में हुई 41 लोगों की मौत भी शामिल है। इसके अलावा दुनियाभर में 134,000 से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं। 
 गौरतलब है बोचासनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम (बीएपीएस) स्वामीनारायण संस्था के अमेरिका में लगभग 100 मंदिर हैं। यहां पूरे महीने विशेषकर सप्ताहांत में हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिये आते हैं। बीएपीएस ने कहा बड़ी सभाओं से बचने के लिये पूरी दुनिया में बीएपीएस मंदिर बंद रहेंगे, लेकिन श्रद्धालु प्रत्येक मंदिर की वेबसाइट के माध्यम से दैनिक दर्शन कर सकेंगे। 

Desk Team