बीजिंग, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिणी चीन में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। चाइना नेशनल मीटियोरोलॉजिकल सेंटर (चीनी राष्ट्रीय मौसम विज्ञान) ने मंगलवार को गंभीर संवहनीय (कन्वेक्टिव) मौसम के लिए ब्लू अलर्ट और भारी वर्षा के लिए येलो अलर्ट को बरकरार रखा है।
मौसम एजेंसी के अनुसार, मंगलवार सुबह 8 बजे शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह 8 बजे तक जारी रहेगी। इसके साथ ही दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और ओलावृष्टि हो सकती है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 62 किमी प्रति घंटे से अधिक रहने का अनुमान है, जबकि गुआंग्शी झुआंग के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में यह 89 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
अल्प अवधि में अत्यधिक वर्षा की भी चेतावनी दी गई है। दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में प्रति घंटे 20 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है, जबकि गुयांगदोंग प्रोविन्स और गुआंग्शी के कुछ हिस्सों में यह 50 मिमी प्रति घंटे से भी अधिक हो सकती है।
इसके अलावा, भारी से अत्यधिक भारी वर्षा का खतरा भी बना हुआ है। चोंगकिंग, युन्नान प्रांत, हू आई और नदी के दक्षिणी क्षेत्र के अलावा यांग्त्जी नदी के दक्षिणी इलाकों में तेज बारिश की आशंका जताई गई है।
कुछ क्षेत्रों—जैसे अनहुई प्रांत, जियांग्शी प्रांत, गुआंग्शी और गुआंगडोंग—में 100 से 130 मिमी तक वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज तूफानों और भारी बारिश के संयुक्त प्रभाव से अचानक बाढ़, भूस्खलन और शहरी जलभराव का खतरा बढ़ सकता है, खासकर पहाड़ी और निचले इलाकों में।
इस बीच, सरकारी मीडिया ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण आई भीषण बाढ़ की वजह से दक्षिणी चीन के एक शहर से 200 से ज्यादा निवासियों को सुरक्षित जगहों पर ले जाना पड़ा और कई कारें पानी में डूबती उतराती भी देखी गईं। गुआंग्शी क्षेत्र स्थित किनझोऊ शहर में इस वजह से काफी ज्यादा व्यवधान पैदा हुआ।
वर्तमान हालात को देखते हुए मौसम विज्ञान विभाग ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि लोगों को मे डे अवकाश से पहले मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



