कोरोना वायरस की चपेट में आने से चीन में अब तक मरने वालों की संख्या बढ़कर 636 हो गयी है, जबकि 31,161 लोगों में इस संक्रमण के पाये जाने की पुष्टि हुई है। इसी दौरान भारत में सभी एयरपोर्ट पर रक्षात्मक कदम के तौर पर चीनी से आने वाले सभी लोगों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
चीन की सरकारी स्वास्थ्य समिति ने शुक्रवार को एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी। चीन की सरकारी स्वास्थ्य समिति के मुताबिक छह फरवरी की मध्यरात्रि तक उसे 31 प्रांतों से जानकारी मिली, जिसके अनुसार कोरोना वायरस के 31,161 मामलों की पुष्टि की जा चुकी है जिसमें से 4,821 लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है।
636 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 1540 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। इससे पहले गुरुवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार कोरोना वायरस से 563 लोगों की मौत हो गयी थी और 28,018 मामलों की पुष्टि हुई थी।
दिसंबर 2019 में चीन के वुहान शहर में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया था जिसके बाद से अब तक यह 25 से अधिक देशों में यह फैल चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोना वायरस के मद्देनजर गत सप्ताह वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल की घोषणा की थी।


Download Android App
Download iOS App



