पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से स्थित खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कुछ इलाकों में शनिवार को 5.3 की तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गए। भूकंप के झटके प्रांत की राजधानी पेशावर में भी महसूस किये गए जिससे निवासियों में दहशत उत्पन्न हो गई।
भूकंप शाम लगभग सवा छह बजे आया और इसका केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान सीमा से लगे इलाके में जमीन से 180 किलोमीटर नीचे स्थित था।
पाकिस्तान मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार भूकंप के झटके स्वात घाटी, पेशावर, लोअर दीर, स्वाबी, नौशेरा, चित्राल, मर्दन, बाजौर, मलकंद, पब्बी, अकोरा, इस्लामाबाद और इसके आसपास के इलाकों में महसूस किए गए।
‘डॉन’ अखबार की खबर के अनुसार, बड़ी संख्या में निवासी दहशत में सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए अपने घरों से बाहर निकल आए।
प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
पिछले साल 24 दिसंबर को आया था 4.2 तीव्रता का भूकंप
पिछले साल 24 दिसंबर को स्वात और खैबर पख्तूनख्वा के अन्य इलाकों में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र हिंदू कुश पर्वत श्रृंखला में 226 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।
पिछले साल आठ दिसंबर को कराची के कुछ हिस्सों में 4.1 तीव्रता का एक और भूकंप आया था। निगरानी केंद्र ने कहा कि इसका केंद्र डीएचए कराची से 15 किलोमीटर उत्तर में जमीन से 15 किलोमीटर नीचे स्थित था।


Download Android App
Download iOS App



