शर्मनाक! 45 का पति, 6 साल की पत्नी…इस तालिबानी राज ने दुनिया को चौंकाया

Summary :

अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 45 साल के एक व्यक्ति ने 6 साल की मासूम बच्ची से शादी कर ली. जब सोशल मीडिया पर इस शादी की तस्वीरें वायरल हुईं, तो लोगों में गुस्सा और नाराजगी फैल गई. यह मामला हेलमंद प्रांत के मरजाह जिले का है. बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता ने आर्थिक तंगी की वजह से अपनी बेटी को पैसे के बदले उस व्यक्ति को सौंप दिया. इसके बाद 45 वर्षीय व्यक्ति ने जबरन बच्ची से शादी की. यह व्यक्ति पहले से ही दो शादियां कर…

अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 45 साल के एक व्यक्ति ने 6 साल की मासूम बच्ची से शादी कर ली. जब सोशल मीडिया पर इस शादी की तस्वीरें वायरल हुईं, तो लोगों में गुस्सा और नाराजगी फैल गई. यह मामला हेलमंद प्रांत के मरजाह जिले का है. बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता ने आर्थिक तंगी की वजह से अपनी बेटी को पैसे के बदले उस व्यक्ति को सौंप दिया. इसके बाद 45 वर्षीय व्यक्ति ने जबरन बच्ची से शादी की. यह व्यक्ति पहले से ही दो शादियां कर चुका है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब यह खबर सामने आई और बच्ची की शादी की तस्वीरें वायरल हुईं, तो अफगान नागरिकों और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. लोगों ने इस कृत्य को अमानवीय और निंदनीय बताया.

तालिबान सरकार की प्रतिक्रिया

तालिबान प्रशासन के अधिकारियों ने इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए उस व्यक्ति को फिलहाल बच्ची को अपने घर ले जाने से रोक दिया है. उनका कहना है कि जब बच्ची 9 साल की हो जाएगी, तब उसे उसके “पति” के घर भेजा जा सकता है. हालांकि, इस पर भी लोगों ने कड़ी आलोचना की है.

आरोपी पिता और दूल्हे की गिरफ्तारी

इस मामले में बच्ची के पिता और उस 45 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह गिरफ्तारी हेलमंद के मरजाह जिले में हुई. हालांकि, अभी तक दोनों के खिलाफ कोई कानूनी आरोप दर्ज नहीं किया गया है.

तालिबान शासन में बढ़ रहे बाल विवाह

जब से 2021 में तालिबान ने अफगानिस्तान की सत्ता संभाली है, तब से देश में बाल विवाह के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है. तालिबान शासन ने महिलाओं की शिक्षा और रोजगार पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे लड़कियों की स्थिति और कमजोर हो गई है. अफगानिस्तान में वर्तमान में विवाह के लिए कोई स्पष्ट न्यूनतम उम्र तय नहीं की गई है. पूर्व सरकार के समय लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र 16 साल थी, लेकिन तालिबान ने उस कानून को फिर से लागू नहीं किया.

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट

यूएन की रिपोर्ट के अनुसार, अफगानिस्तान में लड़कियों की शिक्षा पर लगे प्रतिबंध के कारण बाल विवाह में लगभग 25% की बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा, कम उम्र में गर्भवती होने और बच्चों को जन्म देने के मामलों में भी 45% की वृद्धि दर्ज की गई है.

यह भी पढ़ें-‘सीने पर रखा हाथ, गंदी तरह किया टच…’, मलेशिया की इस मॉडल के साथ पुजारी ने की अश्लील हरकत

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।