जापान के पूर्व PM शिंजो आबे को भाषण के दौरान मारी गई गोली, अस्पताल में भर्ती

Summary :

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण के दौरान हमला हुआ है। एक संदिग्ध ने उन्हें सीने पर गोली मारी है।

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण के दौरान हमला हुआ है। एक संदिग्ध ने उन्हें सीने पर गोली मारी है। गोली लगने के बाद आबे को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है क्योंकि उनका काफी खून निकल गया था।
शिंजो आबे पर यह हमला नारा शहर में हुआ। तब वह भाषण दे रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने गोलियां चलने की आवाज सुनी। आबे संसद के ऊपरी सदन के लिए रविवार को होने वाले मतदान के मद्देनजर एक चुनावी कार्यक्रम में भाषण देने के लिए खड़े हुए थे, तभी कथित तौर पर उन पर यह हमला किया गया।
जापान के लोक प्रसारक ‘एनएचके’ ने घटना का एक फुटेज प्रसारित किया है, जिसमें आबे को सड़क पर गिरते हुए देखा जा सकता है और कई सुरक्षाकर्मी उनकी ओर भागते हुए देखे जा सकते हैं। आबे जब जमीन पर गिरे तो उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा हुआ था तथा उनकी कमीज पर खून लगा हुआ देखा गया। आबे को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ‘एनएचके’ ने बताया कि पुलिस ने एक संदिग्ध को घटनास्थल पर ही पकड़ लिया। 

Desk Team