पेशावर : उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक चुनावी रैली में आज एक बम धमाका हुआ जिसमें कम से कम चार लोगों की मौत हो गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए। घायलों में एक धार्मिक पार्टी का एक वरिष्ठ नेता भी शामिल है। पाकिस्तान में 25 जुलाई को आम चुनाव होने हैं , उससे पहले किसी सियासी रैली पर यह तीसरा आतंकी हमला है।
उत्तरी वजीरिस्तान कबायली जिले से सटे बन्नू जिले में हुए विस्फोट में जमियत उलेमा ए इस्लाम – फजल के नेता एवं पूर्व संघीय मंत्री अकरम दुर्रानी मामूली रूप से घायल हुए। विस्फोटक एक मोटरबाइक पर लगाए गए थे। यह दुर्रानी के वाहन के पास पहुंची और इसमें विस्फोट हो गया। दुर्रानी सियासी गठबंधन मुत्तहिदा मजलिस ए अमाल के उम्मीदवार हैं। बन्नू क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी करीम खान ने बताया कि विस्फोट जनसभा स्थल से करीब 40 मीटर की दूरी पर हुआ। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। आम चुनाव से पहले पाकिस्तान में किसी चुनावी रैली पर हुआ यह तीसरा आतंकी हमला है। इससे पहले , 10 जुलाई को हुए हमले में आवामी नेशनल पार्टी के वरिष्ठ नेता हारून बिलौर तथा 19 अन्य लोग पेशावर में चुनावी रैली में हुए हमले में मारे गए थे।


Download Android App
Download iOS App



