ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने आईआरजीसी खुफिया प्रमुख की हत्या की निंदा की

Summary :

तेहरान, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने आईआरजीसी के एक वरिष्ठ जनरल की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईरानी नेतृत्व के खिलाफ “हत्याएं और अपराध” देश की प्रगति को नहीं रोकेंगे। वरिष्ठ जनरल सोमवार को तेहरान में इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमले में मारे गए थे। सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, खामेनेई ने एक लिखित बयान में ईरान के खुफिया संगठन (आईआरजीसी) के प्रमुख माजिद खादेमी की दशकों से ईरान की सुरक्षा, खुफिया और रक्षा क्षेत्रों में किए गए “मौन प्रयासों” की प्रशंसा की। उन्होंने इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका पर लगातार…

तेहरान, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने आईआरजीसी के एक वरिष्ठ जनरल की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ईरानी नेतृत्व के खिलाफ “हत्याएं और अपराध” देश की प्रगति को नहीं रोकेंगे। वरिष्ठ जनरल सोमवार को तेहरान में इजरायल द्वारा किए गए हवाई हमले में मारे गए थे।

सिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, खामेनेई ने एक लिखित बयान में ईरान के खुफिया संगठन (आईआरजीसी) के प्रमुख माजिद खादेमी की दशकों से ईरान की सुरक्षा, खुफिया और रक्षा क्षेत्रों में किए गए “मौन प्रयासों” की प्रशंसा की। उन्होंने इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका पर लगातार हार के बाद “आतंकवाद और हत्या” का सहारा लेने का भी आरोप लगाया।

खामेनेई ने खादेमी के परिवार और साथियों के साथ-साथ आईआरजीसी के खुफिया संगठन के अन्य कमांडरों के प्रति संवेदना व्यक्त की। खादेमी को खुफिया संगठन का प्रमुख नियुक्त किया गया था। नियुक्ति से पहले खादेमी आईआरजीसी के खुफिया सुरक्षा संगठन के प्रमुख के रूप में कार्यरत थे।

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने राजधानी तेहरान में शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पर अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा की। हमले में सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र की इमारत और शैक्षणिक केंद्र की मस्जिद के पास स्थित एक गैस स्टेशन को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

ईरान की सेना ने रविवार को कहा था कि उसने दक्षिणी इजरायल में पेट्रोकेमिकल उद्योगों और पेट्रोलियम उत्पाद भंडारण सुविधाओं के साथ-साथ कुवैत में अमेरिकी उपकरण डिपो, उपग्रह संचार इकाइयों और एक अड्डे पर तैनात सैनिकों को निशाना बनाया है।

गौरतलब है कि 28 फरवरी को इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका ने तेहरान और ईरान के कई अन्य शहरों पर संयुक्त हमले किए थे, जिनमें ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के साथ-साथ वरिष्ठ सैन्य कमांडर और नागरिक मारे गए थे। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए मध्य पूर्व में इजरायल और अमेरिकी ठिकानों और संपत्तियों को निशाना बनाकर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।

–आईएएनएस

ओपी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.