वॉशिंगटन, 25 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दो हफ्तों में अमेरिका का दौरा करेंगे। ट्रंप ने यह जानकारी व्हाइट हाउस में आयोजित एक ‘बैक-टू-स्कूल’ कार्यक्रम के दौरान दी। हालांकि उन्होंने यात्रा की तारीख, कार्यक्रम या शी जिनपिंग के साथ होने वाली बातचीत के बारे में कोई अतिरिक्त जानकारी नहीं दी।
व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत में ट्रंप ने कहा, “राष्ट्रपति शी दो हफ्तों में यहां आने वाले हैं। मैं दो महीने पहले चीन गया था और हमने वहां चीन का ग्रेट हॉल देखा था। अब हम भी अमेरिका में एक ग्रेट हॉल बनाने जा रहे हैं। यह बहुत महत्वपूर्ण है।”
ट्रंप ने प्रस्तावित व्हाइट हाउस परिसर को अपनी सरकार की निर्माण परियोजनाओं से जोड़ते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट में एक भव्य बॉलरूम और एक सैन्य परिसर (मिलिट्री कॉम्प्लेक्स) शामिल होगा।
उन्होंने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं, वहां हम एक सैन्य परिसर और एक ऐसा बॉलरूम बना रहे हैं जिसकी बराबरी दुनिया में कहीं नहीं होगी।”
शिक्षा से जुड़े अपने संबोधन के बाद ट्रंप ने फिर इस निर्माण परियोजना का जिक्र किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद छात्रों और उनके परिवारों को निर्माण कार्य देखने के लिए अपने साथ चलने का निमंत्रण भी दिया।
ट्रंप ने कहा कि आप व्हाइट हाउस के ठीक बगल में बन रही उस शानदार इमारत को देखेंगे। वह बॉलरूम और मिलिट्री कॉम्प्लेक्स होगा। यह अविश्वसनीय है। उन्होंने बताया कि व्हाइट हाउस में एक नया हेलीपोर्ट बनाया जा रहा है। ट्रंप ने कहा कि अब तक हेलीकॉप्टरों को घास वाले हिस्से पर उतरना पड़ता था, जिससे बारिश या गीली जमीन के दौरान परेशानी और खतरा पैदा होता था उन्होंने कहा कि हम एक सुंदर हेलीपोर्ट बना रहे हैं, जिसकी मांग कई वर्षों से की जा रही थी।
रोज गार्डन में मौजूद बच्चों को निर्माण कार्य दिखाने को लेकर ट्रंप काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि मुझे निर्माण कार्य की आवाज बहुत पसंद है। जब मैं बाहर हथौड़ों और मशीनों की आवाज सुनता हूं, तो कुछ लोग कहते हैं कि यह अच्छा नहीं है। लेकिन मैं कहता हूं कि मुझे यह पसंद है।
ट्रंप ने परियोजना पर काम कर रहे मजदूरों की तारीफ करते हुए कहा कि वे अमेरिका के लिए एक बड़ा काम कर रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि नए हेलीपोर्ट की जरूरत कई सालों से महसूस की जा रही थी। उन्होंने कहा कि हम वे सभी काम कर रहे हैं जो वर्षों पहले हो जाने चाहिए थे।
शी जिनपिंग की संभावित यात्रा की घोषणा ट्रंप ने ऐसे समय में की है जब चीन की सरकार या व्हाइट हाउस की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। फिर भी यह घोषणा दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच एक और उच्चस्तरीय मुलाकात की ओर इशारा करती है।
वॉशिंगटन और बीजिंग के संबंध पिछले कुछ वर्षों में व्यापार, तकनीक, ताइवान, दक्षिण चीन सागर और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक प्रतिस्पर्धा जैसे मुद्दों से प्रभावित रहे हैं। इसके बावजूद दोनों देशों ने तनाव को नियंत्रित रखने और रिश्तों को और खराब होने से रोकने के लिए उच्चस्तरीय बातचीत जारी रखी है।
बीजिंग स्थित ग्रेट हॉल ऑफ द पीपुल्स चीन की सबसे महत्वपूर्ण सरकारी और औपचारिक इमारतों में से एक है। यह तियानमेन स्क्वायर के पश्चिमी हिस्से में स्थित है और यहां बड़े सरकारी समारोह, चीन की संसद की बैठकें तथा विदेशी नेताओं के स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
–आईएएनएस
एवाई/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



