वॉशिंगटन, 6 जून (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मई में उम्मीद से ज्यादा नौकरियों में बढ़ोतरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि रोजगार के ताजा आंकड़े दिखाते हैं कि ईरान के साथ जारी तनाव के बावजूद अर्थव्यवस्था अनुमान से बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
शुक्रवार (स्थानीय समय) को विस्कॉन्सिन के चिपेवा फॉल्स में कृषि से जुड़ी एक बैठक में बोलते हुए ट्रंप ने कहा कि मई में अमेरिकी अर्थव्यवस्था में 1,72,000 नई नौकरियां जुड़ीं। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे महीने, नौकरियों के आंकड़ों ने सभी उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया। अर्थशास्त्रियों ने इससे कहीं कम नौकरियों का अनुमान लगाया था।
ट्रंप ने कहा कि मई में 1,72,000 नौकरियां पैदा हुईं, जबकि विशेषज्ञों ने 30 हजार नौकरियों का ही अनुमान लगाया था। उन्होंने इन आंकड़ों को अपने मौजूदा प्रशासन की सबसे मजबूत रोजगार रिपोर्ट बताया। उन्होंने कहा कि ये इस प्रशासन के अब तक के सबसे मजबूत रोजगार के आंकड़े हैं।
राष्ट्रपति ने मैन्युफैक्चरिंग और कंस्ट्रक्शन के क्षेत्र में रोजगार बढ़ने की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक महीने में हमने मैन्युफैक्चरिंग में 7,000 और कंस्ट्रक्शन में 17,000 नई नौकरियां जोड़ीं। रोजगार से जुड़ी पिछली रिपोर्टों के आंकड़ों को भी ऊपर की ओर संशोधित किया गया है। पिछले दो महीनों के आंकड़ों में लगभग 1,00,000 नौकरियों की बढ़ोतरी की गई है।
ट्रंप ने इस मौके का इस्तेमाल फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों से जुड़ी नीति की आलोचना करने के लिए किया। उन्होंने तर्क दिया कि महंगाई को काबू में रखने का सबसे अच्छा तरीका सख़्त मॉनेटरी पॉलिसी के बजाय आर्थिक विकास है। उन्होंने कहा कि जब नौकरी के आंकड़े बहुत अच्छे होते हैं, तो शेयर बाजार गिर जाता है क्योंकि लोगों को लगता है कि ब्याज दरें बढ़ेंगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या आप जानते हैं कि और क्या चीज महंगाई को रोकती है? असल में विकास ही महंगाई को रोकता है।
राष्ट्रपति ने फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल की आलोचना एक बार फिर दोहराई; जिन पर वे अक्सर ब्याज दरों को बहुत ज्यादा रखने का आरोप लगाते रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि फेडरल रिजर्व के पूर्व गवर्नर केविन वॉर्श शानदार काम करेंगे।
लेबर मार्केट के अलावा, ट्रंप ने कहा कि इन्वेस्टमेंट के वादों और फैक्टरी बनाने के काम से आर्थिक रफ्तार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हम अपने देश के इतिहास में किसी भी समय की तुलना में ज्यादा प्लांट बना रहे हैं। ट्रंप ने दावा किया कि जब से वे दोबारा सत्ता में आए हैं अमेरिका ने 18 ट्रिलियन डॉलर के इन्वेस्टमेंट वादे हासिल किए हैं।
उन्होंने मजदूरी में बढ़ोतरी, खासकर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के कर्मचारियों की मजदूरी में बढ़ोतरी का भी जिक्र किया। ट्रंप ने कहा कि जब से मैंने पद संभाला है, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के कर्मचारियों की मजदूरी में 8 प्रतिशत से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
राष्ट्रपति ने इन आर्थिक फायदों को अपने प्रशासन की ट्रेड, एनर्जी और टैक्स पॉलिसी से जोड़ा। उन्होंने कहा कि एनर्जी की कम कीमतें और घरेलू निवेश में बढ़ोतरी आने वाले महीनों में भी विकास को बढ़ावा देती रहेगी।
–आईएएनएस
पीएसके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



