पाकिस्तान के सिंध प्रांत में नाई की दुकान पर बाल कटवा रहे 31 वर्षीय हिंदू पत्रकार की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह जानकारी शनिवार को मीडिया की खबरों में दी गई। जानकारी के मुताबिक अजय लालवानी एक स्थानीय टेलीविजन चैनल और उर्दू भाषा के अखबार ‘डेली पुचानो’ में रिपोर्टर थे। गुरुवार को उनके पेट, बांह और घुटने में गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
वह सुक्कुर शहर में नाई की दुकान में बैठे थे, तभी दो मोटरसाइकिल एवं एक कार में सवार हमलावरों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। लालवानी को नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। खबरों के मुताबिक, उनके पिता दिलीप कुमार ने कहा कि उनके परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी और पुलिस के इस दावे को खारिज कर दिया कि निजी दुश्मनी के कारण उनकी हत्या हुई।
पुलिस ने शुक्रवार को तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी। हत्या की निंदा करते हुए पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में हिंदू सदस्य लालचंद मल्ही ने कहा कि यह ‘‘गंभीर चिंता का विषय’’ है। पत्रकारों के एक समूह ने लालवानी की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनके अंतिम संस्कार के बाद मार्च निकाला।


Download Android App
Download iOS App



