इमरान खान चले मोदी की राह, कूड़ा साफ कर ‌शुरू किया सफाई अ‌भियान

Summary :

प्रधानमंत्री इमरान खान ने क्लीन एंड ग्रीन पाकिस्तान इनीशियेटिव की शुरुआत की है। उन्होंने कहा है कि अगले पांच सालों में वे पाकिस्तान को यूरोप से भी ज्यादा साफ-सुथरा बनाने की कसम खाते हैं।

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने क्लीन एंड ग्रीन पाकिस्तान इनीशियेटिव की शुरुआत की है। उन्होंने कहा है कि अगले पांच सालों में वे पाकिस्तान को यूरोप से भी ज्यादा साफ-सुथरा बनाने की कसम खाते हैं। उन्होंने शनिवार को औपचारिक रुप से इस प्रोग्राम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ झाड़ू उठाकर कूड़ा साफ किया और इस सफाई कार्यक्रम की शुरुआत की। इस तरह से वे भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राह पर चलते दिखाई दिए।

इस पहल की शुरुआत करते हुए इमरान खान ने कहा कि, ग्लोबल वार्मिंग से प्रभावित देशों में पाकिस्तान सातवें नंबर पर है। जबकि लाहौर सबसे ज्यादा प्रदूषण वाले शहरों में शामिल है। यूरोप में बिल्कुल भी गंदगी नहीं है। लेकिन हमारे देश में लोग कहीं भी गंदगी फैला रहे हैं और अपने भविष्य को जान-बूझ कर बर्बाद कर रहे हैं।

प्रदूषण किसी भी इंसान की जिंदगी से 11 साल घटा देता है। हमें पाकिस्तान के नागरिकों से इस तरह के माइंडसेट को हटाना होगा और इसे क्लीन बनाना होगा। क्रिकेटर से पॉलीटिशियन बने इमरान खान ने आगे कहा कि उनकी पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सरकार ने अपने कार्यकाल में खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत में एक अरब अरब पेड़ लगाए हैं।

खान ने आगे कहा कि देश में 10 अरब पेड़ लगाने का उनका लक्ष्य है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले सालों में वह दूसरे देशों के लिए एक उदाहरण बनना चाहते हैं।

66 वर्षीय इमरान खान ने अपने ट्विटर पर पाकिस्तान के युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें सफाई अभियान में शामिल होने के लिए आह्वान किया। उन्होंने लिखा – आज मैंने #cleanGreenPakistan Campign की शुरुआत की है। अगले पांच सालों तक यहां की हवा, नदियां, जमीन को साफ करने का लक्ष्य है, इसके साथ ही अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पाकिस्तान को ग्रीन पाकिस्तान बनाना है। मैं सभी देशवासियों से इस अभियान में शामिल होने का आग्रह करता हूं। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही खान ने प्लांट फॉर पाकिस्तान अभियान शुरू किया था।

Desk Team