रूस और यूक्रेन के मध्य जारी भीषण जंग के माहौल में इजरायल के प्रधानमंत्री नफ्ताली बेनेट का भारत दौरा स्थगित हो गया है। दोनों देशों के लिए पीएम बेनेट का भारत दौरा काफी अहम माना जा रहा था, लेकिन वह सोमवार को कोरोना संक्रमित पाए गए थे और उसके बाद से ही उनकी भारत यात्रा को लेकर सवाल उठने लगे थे।
अब मंगलवार को इजरायल की ओर से पीएम के भारत दौर को टालने की जानकारी दी गई। नफ्ताली बेनेट 2 अप्रैल को भारत के दौरे पर आने वाले थे। उन्होंने जानकारी दी थी कि अपने दोस्त पीएम नरेंद्र मोदी के न्योते पर वह भारत जाएंगे।
इजरायल की पीएम बनने के बाद भारत का पहला दौरा
इजरायल का पीएम बनने के बाद से उनका यह पहला भारत दौरा होता। इजरायल सरकार की ओर से जानकारी दी गई है कि कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद बेनेट ने खुद को आइसोलेट कर लिया है और घर से ही काम कर रहे हैं। इस साल भारत और इजरायल के राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे हो रहे हैं। इसी मौके पर वह भारत आने वाले थे। यहां बेनेट का पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा कई और सीनियर मंत्रियों से मुलाकात का कार्यक्रम था।
यहूदी समुदायों के लोगों से भी मुलाकात करनी थी
यही नहीं भारत में रह रहे यहूदी समुदायों के लोगों से भी बेनेट का मुलाकात का कार्यक्रम था। बेनेट ने अपने दौरे की जानकारी देते हुए कहा था कि हम भारतीयों से बहुत कुछ सीख सकते हैं। बेनेटे ने कहा था कि भारत के साथ हम इनोवेशन एवं तकनीक, साइबर सुरक्षा, कृषि और क्लाइमेट चेंज जैसे क्षेत्रों में सहयोग कर सकते हैं। बेनेट का कहना था कि भारतीय और यहूदी संस्कृति के बीच संबंध बहुत पुराना है। पीएम नरेंद्र मोदी और नफ्ताली बेनेट की इससे पहले बीते साल अक्टूबर में क्लाइमेट चेंज कॉन्फ्रेंस के दौरान मुलाकात हुई थी, जिसका आयोजन ग्लासगो में हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



