नगोया (जापान) : विदेश मंत्री एस जयशंकर यहां जी 20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए और शनिवार को कई देशों के अपने समकक्ष मंत्रियों के साथ बातचीत की।
जयशंकर ने दो दिनों का कार्यक्रम अपने जापानी समकक्ष तोशीमित्सु मोतेगी के साथ द्विपक्षीय बैठक के साथ संपन्न किया।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जापानी विदेश मंत्री मोतेगी के साथ द्विपक्षीय बैठक के साथ नगोया जी 20 संपन्न किया। शीघ्र ही उनका भारत में स्वागत करने की आशा करता हूं।’’
उन्होंने कोरिया गणराज्य, नीदरलैंड, सिंगापुर और चीन के विदेश मंत्रियों के साथ भी चर्चा की।
मंत्री ने स्पेन के विदेश मंत्री जोसेफ बोरेल के साथ ‘यूरोपीय संघ के साथ हमारे संबंधों के भविष्य’’ पर भी वार्ता की।
जयशंकर अपनी आस्ट्रेलिया समकक्ष मेरिस पायने से भी मिले और आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री स्कॉट मोरीसन की आगामी यात्रा के एजेंडे पर चर्चा की।
विदेश मंत्री ने यह भी ट्वीट किया, ‘‘फ्रांसीसी राज्य मंत्री जे बी लेमोयने के साथ हिंद- प्रशांत रणनीतिक परिदृश्य पर एक अच्छी चर्चा हुई।’’
उन्होंने कार्यक्रम से अलग चिली के विदेश मंत्री तेवदोरो रिबेरा न्यूमान से भी मुलाकात की।


Download Android App
Download iOS App



