ढाका: बंगलादेश के उच्चतम न्यायालय ने आज पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की वह याचिका खारिज कर दी जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ वर्ष 2007 के भ्रष्टाचार मामले में मुकद्दमे की सुनवाई पर रोक लगाने की मांग की थी। भ्रष्टाचार के कारण सरकारी खजाने को 12 करोड़ डॉलर की चपत लगी थी।
वर्ष 2001 से 2006 तक प्रधानमंत्री रहीं 72 वर्षीय जिया पर आरोप है कि अपने कार्यकाल में उन्होंने ढाका और चटगांव में आंतरिक डिपो में कंटेनर प्रबंधन का ठेका ग्लोबल एग्रो ट्रेड प्राइवेट कंपनी लिमिटेड को दिया। भ्रष्टाचार निरोधी आयोग ने आरोप लगाया कि यह ठेका सरकारी नियमों का उल्लंघन करके दिया गया और इससे देश को करीब 12.4 करोड़ डॉलर का चूना लगा।
विपक्षी बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी की नेता ने उच्चतम न्यायालय से निचली अदालत में चल रही मुकद्दमे की सुनवाई पर रोक लगाने का अनुरोध किया था लेकिन शीर्ष अदालत ने उनके अनुरोध को ठुकरा दिया। जिया वर्ष 1991 से 1996 और 2001 से 2006 तक प्रधानमंत्री रहीं।


Download Android App
Download iOS App



