मध्य-पूर्व में इजरायल और फलीस्तीन के बीच भारी संघर्ष के बाद दोनों देशों के मध्य अब थोड़ा शांति का माहौल स्थापित हुआ है। तो वहीं, अब इजराइल और लेबनान का संघर्ष शुरू हो गया है। लेबनान की तरफ से इजराइली क्षेत्र में तीन रॉकेट दागे गए और सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। जान-माल के नुकसान पर अभी कोई जानकारी नहीं मिली है।
सेना की इस घोषणा से पहले उत्तरी इजराइल में लेबनान से संभावित रॉकेट हमले की चेतावनी के साथ बुधवार को खतरे का सायरन बजाया गया। टेलीविजन पर खबरों में बताया गया कि इजराइल भी जवाबी गोलीबारी कर रहा है। एक रॉकेट खुले इलाके में आकर गिरा और एक अन्य को इजराइल की रक्षा प्रणाली यानी ‘आयरन डोम’ ने नष्ट कर दिया। ऐसा बताया जा रहा है कि सेना भी जवाबी कार्रवाई में तोपें दाग रही है।
ये चेतावनियां लेबनान की सीमा से लगते किरयात श्मोना में जारी की गयी जहां करीब 20,000 लोगों की आबादी है। इजराइली प्राधिकारियों का मानना है कि लेबनान में स्थित फलस्तीनी समूहों ने गोलीबारी की है न कि आतंकवादी समूह हिजबुल्ला ने। हिजबुल्ला को इजराइल के लिए सबसे बड़ा खतरा माना जाता है। हालांकि इसकी संभावना कम है कि यह समूह हिजबुल्ला की अनुमति के बिना काम कर सके।


Download Android App
Download iOS App



