नेपाल के पोखरा में आज हुए एक यात्री विमान क्रैश में अबतक 40 शव बरामद हो गए हैं। सेना के साथ बचाव दल मौके पर मौजूद है और राहत बचाव का कार्य जारी है। दुर्घटनागस्त हुए विमान में 53 नेपाली नागरिक, 5 भारतीय, 4 रूसी, एक आयरिश, 2 कोरियाई, एक अर्जेंटीना और एक फ्रांसीसी नागरिक सवार थे।
विमान में कई विदेशी यात्री सवार थे
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) ने बताया कि येती एअरलाइंस के 9एन-एएनसी एटीआर-72 विमान ने सुबह 10 बजकर 33 मिनट पर काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और वह सुबह करीब 11 बजे पोखरा हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पोखरा इस हिमालयी देश में एक मशहूर पर्यटक स्थल है। विमान में 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे।
विमान में 5 भारतीय सवार थे
येती एअरलाइंस के एक अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार पांच भारतीयों की पहचान अभिषेक कुशवाहा, विशाल शर्मा, अनिल कुमार राजभर, सोनू जायसवाल और संजना जायसवाल के रूप में हुई है। भारतीय दूतावास ने भी 68 यात्रियों में पांच भारतीयों के शामिल होने की पुष्टि की है। एअरलाइंस के मुताबिक, विमान में 10 विदेशी नागरिक सवार थे। कुछ यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय यात्रियों की स्थिति का अभी पता नहीं चला है।
पोखरा हवाई अड्डे पर उतरते समय विमान पुराने हवाई अड्डे और नए हवाई अड्डे के बीच सेती नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
बता दें कि येती एयरलाइंस का एटीआर 72 विमान रविवार सुबह काठमांडू से पोखरा के लिए आ रहा था, लेकिन विमान कास्की जिले के पोखरा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद सेना व स्थानीय लोग मिलकर बचाव कार्य में जुटे हैं। फिलहाल सरकार द्वारा एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया। हादसे के वक्त येती एयरलाइंस के इस प्लेन में 68 यात्री और चार क्रू सदस्य सवार थे।


Download Android App
Download iOS App



