पुतिन ने अमेरिका को आईना दिखाकर रूस को दिया यह बड़ा संदेश

Summary :

रूस और यूक्रेन के बीच का संघर्ष जरूर पुराना हो गया है लेकिन अभी खत्म नहीं हुआ है। इस बीच दोनों देशों की जमीनी स्थिति और ज्यादा भयावह बनती जा रही है। रूस और यूक्रेन की इस लड़ाई में अमेरिका जलती हुई आग में घी का काम…

रूस और यूक्रेन के बीच का संघर्ष जरूर पुराना हो गया है लेकिन अभी खत्म नहीं हुआ है। इस बीच दोनों देशों की जमीनी स्थिति और ज्यादा भयावह बनती जा रही है। रूस और यूक्रेन की इस लड़ाई में अमेरिका जलती हुई आग में घी का काम कर रहा है। ऐसे में अब इस वक्त प्रमाणु हमले की आशंका बढ़ गई है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने प्रमाणु हमले पर बड़ा बयान दिया है। भले ही निशाना अमेरिका पर हो लेकिन चेतावनी सीधे-सीधे यूक्रेन को ही दी है। 
अमेरिका पर निशाना, यूक्रेन को चेतावनी 
व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अमेरिका अकेला ऐसा देश है जिसने दो बार न्यूक्लियर अटैक किया है, उसने हिरोशिमा बर्बाद किया, नागासाकी पर भी हमला किया। असल में अमेरिका ने ही ऐसे हमले कर उदाहरण सेट किया है। अब पुतिन के इस बयान ने रूस-यूक्रेन युद्ध के तनाव को और ज्यादा बढ़ा दिया है। पिछले कई दिनों से लगातार रूसी राष्ट्रपति की तरफ से परमाणु हमले को लेकर ऐसे बयान दिए जा रहे हैं। अमेरिका की तरफ से राष्ट्रपति जो बाइडेन भी चेतावनी जारी कर रहे हैं। 
जानकारी के लिए बता दें कि कुछ दिन पहले ही व्लादीमीर पुतिन ने कहा था कि वे अपनी सीमाओं की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। उनके उस एक बयान ने ही रूस-यूक्रेन युद्ध में एक बार फिर परमाणु हमले की संभावना को सक्रिय कर दिया था। ये अलग बात रही कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस खतरों को अभी के लिए खारिज कर दिया है। वे इसे पुतिन की डराने वाली रणनीति के तहत देख रहे हैं। 
क्या सही में परमाणु हमला करेंगे पुतिन 
सुरक्षा मामलों के जानकार भी मानते हैं कि व्लादिमीर पुतिन असल में परमाणु हमला करेंगे इसकी संभावना कम ही लगती है। उनके मुताबिक जब-जब रूस बैकफुट पर आता है या उसके ज्यादा सैनिकों की मौत होती है, अपने देश के नागरिकों में विश्वास पैदा करने के लिए, ये दिखाने के लिए रूस अपनी रक्षा कर सकता है, पुतिन द्वारा परमाणु चेतावनिया दी जाती हैं। इसी वजह से तमाम धमकियों के बावजूद भी यूक्रेन लगातार रूस से लड़ रहा है, उसके हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। यहां ये जानना जरूरी हो जाता है कि पुतिन ने युक्रेन के कब्जाए गए चारों इलाकों रूस का औपचारिक हिस्सा घोषित कर दिया है। 
क्रेमिलिन में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने डोनेट्स्क, लुहान्स्क, जापोरिजिया, खेरसॉन को अपने देश में शामिल करने के अधिकारिक दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। उस ऐलान के बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने फिर पुतिन को खुली चेतावनी दी। 
अमेरिका ने क्या चेतावनी दी? 
उनकी तरफ से दो टूक कहा गया कि अमेरिका नाटो देशों के क्षेत्र की हर एक इंच जमीन की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। हम नाटो के सहयोगियो के साथ खड़े हैं। इसलिए मिस्टर पुतिन मैं जो कह रहा हूं, उसे गलत मत समझिए। मैं अपने सहयोगियों के करीबी संपर्क में हूं और आज हम फिर नए प्रतिबंध की घोषणा कर रह हैं। बाइडेन ने जारी बयान में यहां तक कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी व्लादिमीर पुतिन की धामकियों से डरने वाले नहीं हैं। पुतिन की हरकतें कब्जा नहीं कर सकते और न ही इससे बच सकते हैं। हम यूक्रेन को सैन्य उपकरण मुहैया कराना जारी रखेंगे।

Desk Team