नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की रोमानिया की राजकीय यात्रा के दौरान दोनों देशों ने राजनयिक संबंधों के 80 साल पूरे होने के अवसर पर 2028 को ‘भारत-रोमानिया इनोवेशन वर्ष’ के रूप में मनाने का फैसला किया है। विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने बताया कि राष्ट्रपति की इस यात्रा के दौरान तीन महत्वपूर्ण समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए गए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की रोमानिया की राजकीय यात्रा पर विदेश मंत्रालय की विशेष ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा कि द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग भी भारत-रोमानिया के बीच बातचीत का एक अहम मुद्दा रहा। भारत-रोमानिया 2028 में अपने राजनयिक संबंधों के 80 साल पूरे होने का जश्न मनाने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों देशों ने इस मौके को ‘भारत-रोमानिया इनोवेशन वर्ष’ के रूप में मनाने का फैसला किया है।
सिबी जॉर्ज ने बताया कि इस बैठक के दौरान दोनों राष्ट्रपतियों की मौजूदगी में तीन समझौतों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
पहला समझौता, रोमानिया के नेशनल अथॉरिटी फॉर साइंटिफिक रिसर्च और भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के बीच साल 2026-2029 के लिए विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को लेकर हुआ। इसके तहत प्राकृतिक विज्ञान, इंजीनियरिंग और तकनीक, मेडिकल और स्वास्थ्य विज्ञान तथा कृषि विज्ञान के क्षेत्रों में संयुक्त परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
दूसरा समझौता, बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी में भारतीय अध्ययन के लिए ‘इंडिया चेयर/आईसीसीआर चेयर’ स्थापित करने से जुड़ा है। इसका उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना और भारतीय भाषा व संस्कृति को बढ़ावा देना है।
तीसरा समझौता, खेल के क्षेत्र में सहयोग को लेकर भारत के युवा मामले और खेल मंत्रालय तथा रोमानिया की नेशनल स्पोर्ट्स एजेंसी के बीच हुआ। रोमानिया जिम्नास्टिक और तैराकी जैसे खेलों में मजबूत पहचान रखता है। ऐसे में दोनों देशों के बीच खिलाड़ियों की ट्रेनिंग और खेल सहयोग की अच्छी संभावनाएं हैं।
जॉर्ज ने बताया कि इस वार्ता के दौरान दोनों राष्ट्रपतियों ने वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग पर भी चर्चा की। रोमानिया ने भारत के साथ एकजुटता दिखाते हुए पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की थी। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 2022 में यूक्रेन से भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकालने में रोमानिया सरकार की ओर से दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी बात की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रोमानिया को भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) को अपनाने की संभावना तलाशने का न्योता दिया। इससे व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने रोमानिया के लिए आईटीईसी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की संख्या दोगुनी करने की घोषणा की। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसे आधुनिक विषयों पर विशेष प्रशिक्षण भी शामिल होंगे। इसके अलावा रोमानियाई राजनयिकों को सुषमा स्वराज इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेन सर्विस में होने वाले विदेशी राजनयिकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। इस कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर डिप्लोमेसी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
–आईएएनएस
एवाई/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



