फ्रैंकफर्ट : इस्लामिक स्टेट समूह से कथित तौर पर जुड़ी एक महिला और उसके तीन बच्चे जर्मनी लौट आए हैं। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। वह पहली महिला आईएस सदस्य है जो सीरिया से जर्मनी आधिकारिक चैनल के माध्यम से लौटी है। लॉरा एच. नाम की 30 वर्षीय महिला हेसे राज्य की है जो इराक के इरबिल से शनिवार को एक विमान से फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डे पर पहुंची। साप्ताहिक समाचार ‘डेर स्पीजल’ ने सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि पहुंचने के तुरंत बाद लॉरा एच को गिरफ्तार नहीं किया गया। आतंकवादी संगठन की संदिग्ध सदस्यता के साथ ही अपने बच्चों की सही देखभाल नहीं करने के लिए उसकी जांच होगी।
स्पीजल ने बताया कि उसके पासपोर्ट को जब्त कर लिया गया है और उसे देश छोड़ने से प्रतिबंधित कर दिया गया है, जबकि उसके बच्चों को उसके एक नजदीकी रिश्तेदार के पास रखा गया है। पत्रिका के मुताबिक वह 2016 में मध्य जर्मनी के गिसेन से अपने बच्चों और पति के साथ सीरिया रवाना हुई जहां वह आईएस में शामिल हो गई। वह जर्मनी में सालाफिस्ट (इस्लामी कट्टरपंथियों) समूह से जुड़ी रही।
अपने पति की कथित तौर पर हत्या होने और कुर्द सुरक्षा बलों द्वारा उसे पकड़ लिए जाने के बाद लॉरा एच. ने दावा किया कि वह आईएस की विचारधारा से दूर हो गई। स्पाइजल ने खबर दी कि अमेरिका का एक संगठन उसे उत्तर-पूर्वी सीरिया के अल-होल जेल से इरबिल लेकर आया। कुर्द अधिकारियों ने पश्चिमी देशों से आग्रह किया है कि वे आईएस से जुड़े अपने नागरिकों को वापस बुला लें लेकिन वे ऐसा करने को इच्छुक नहीं दिख रहे।


Download Android App
Download iOS App


