अमेरिकी सेना ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) के 40 आतंकवादियों को सीरिया की जेलों से पूर्वोत्तर प्रांत अल-हसाकाह स्थित अपने सैन्य अड्डे पर पहुंचाया है। सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि आतंकवादियों को कुर्द नेतृत्व वाली सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेज (SDF) की जेलों से ऐश शद्दादी शहर में अमेरिकी अड्डे पर भेजा गया है।
सूत्रों ने सना को बताया कि अमेरिकी अड्डे पर भेजे गये आतंकवादियों की सूची में आईएस के जासूसी समूहों का एक कमांडर और एक विस्फोटक बनाने वाला विशेषज्ञ शामिल है। बताया जा रहा है कि अमेरिका कथित तौर पर इस क्षेत्र में अपने उद्देश्य पूरे करने के लिए आतंकवादियों का उपयोग करने वाला है।
सीरियाई अधिकारियों ने कई बार कहा है कि देश में अमेरिकी सुरक्षा बलों की उपस्थिति से उसकी संप्रभुता और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन होता है। सीरियाई सरकार का आरोप है कि अमेरिका का मकसद तेल क्षेत्रों तक पहुंच हासिल करना है।


Download Android App
Download iOS App


