बिहार के मधुबनी से दिल्ली जा रही बस के रविवार सुबह कन्नौज के सौरिख के पास हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में पांच लोगों की मौत और करीब 25 अन्य घायल हो गए। घायलों को सौरिख और सैफई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, बस बिहार के मधुबनी से श्रमिकों और कामगारों को लेकर दिल्ली जा रही थी।
बस एक्सप्रेस वे से होकर गुजरते समय सौरिख के करीब लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे पर सामने खड़ी एक कार से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों ही गाड़ियां पलट कर एक्सप्रेस वे से नीचे जा गिरी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। छिबरामऊ के उप जिलाधिकारी गौरव शुक्ला ने बताया कि हादसे के बाद चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे।
पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को लोगों की मदद से बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। उनकी तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि हादसे में जख्मी हुए लगभग 25 लोगों को एंबुलेंसों की मदद से निकटवर्ती सौरिख और इटावा में सैफई के अस्पतालों में भेजा गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।