प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को वहां के लोगों को शुभकामनाएं दी। पीएम ने ट्वीट कर कहा, “अरुणाचल प्रदेश के स्थापना दिवस के मौके पर राज्य के लोगों को बधाई। अरुणाचल प्रदेश की संस्कृति विशेष है और वहां के लोग अपने अछ्वुत स्वभाव और देशभक्ति के जज्बे के लिए जाने जाते हैं। मैं कामना करता हूं कि आने वाले वर्षों में राज्य की समृद्धि जारी रहे।”
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर मिजोरम के लोगों को भी शुभकामनाएं दी और कहा,”मिजोरम के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं। मिजोरम के लोग अपनी वीरता और महान मूल्यों के लिए विख्यात हैं। पूरे देश को मिजो संस्कृति और भारत की प्रगति में राज्य के योगदान पर गर्व है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं आने वाले वर्षों में मिजोरम विकास की नयी ऊंचाइयां छुए।”
राहुल ने भी दी बधाई
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अरुणाचल और मिजोरम के स्थापना दिवस के मौके पर दोनों राज्यों की जनता को बधाई दी। राहुल ने फेसबुक पोस्ट में कहा, “अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम के स्थापना दिवस के अवसर पर मैं दोनों राज्यों की जनता को अपनी शुभकामनाएं देता हूं।”
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1972 में नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर एजेंसी को अरुणाचल प्रदेश का नाम दिया गया था और इसे केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया। अरुणाचल प्रदेश को राज्य का दर्जा मिलने में 15 साल लग गए। वहीं, 20 फरवरी वर्ष 1987 को मिजोरम को राज्य का दर्जा मिला था।