बिहार के छपरा जिले के रेलवे स्टेशन से काफी संख्या में नरकंकाल मिले हैं और इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक (रेलवे) तनवीर अहमद ने मंगलवार को बताया कि पूर्वी चम्पारण जिले के निवासी संजय प्रसाद (29) से नरकंकाल बरामद किए गए जिसे जीआरपी की टीम ने छपरा जंक्शन से गिरफ्तार किया।
अहमद ने बताया कि प्रसाद से 16 मानव खोपड़ी और 34 कंकाल बरामद किए गए। इसके अलावा उसके कब्जे से भूटान की मुद्रा, विभिन्न देशों के एटीएम कार्ड तथा एक विदेशी सिम बरामद किया गया। पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान प्रसाद ने बताया कि उसने उत्तरप्रदेश के बलिया से इन कंकालों को खरीदा था और पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी होते हुए भूटान जा रहा था।
उन्होंने कहा कि प्रसाद संभवत: उस गिरोह का हिस्सा था जो हिमालयी देश में तांत्रिकों को नरकंकाल की आपूर्ति करते हैं। उसे जेल भेज दिया गया है और उसके सहयोगियों की तलाश के लिए जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App




