मधुबनी में चुनावी रैली के दौरान CM नीतीश का विरोध, शख्स ने मंच पर फेंके पत्थर-प्याज

Summary :

मधुबनी के हरलाखी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच तीसरे चरण के लिए प्रचार भी जोरो पर है। इसी कड़ी में मधुबनी के हरलाखी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते पहुंचे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मंच पर खड़े मुख्यमंत्री पर प्याज और पत्थर का टुकड़ा फेंका गया।
मंच पर खड़े मुख्यमंत्री अपनी बात रख रहे थे। इस दौरान भीड़ में मौजूद व्यक्ति ने प्याज और पत्थर फेंकते हुए नारेबाजी की और कहा कि शराब खुलेआम बिक रही है, तस्करी हो रही है लेकिन आप कुछ नहीं कर पा रहे हैं। इस पर नीतीश ने कहा,  फेंकने दो, जितना फेंकना है फेंकने दो। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों से कहा कि इन्हें रोकने की जरूरत नहीं है।


न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने इस घटना का वीडियो भी जारी किया है। इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश ने अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए कहा कि हम इसलिए कह रहे हैं कि सरकार आने के बाद रोजगार का अवसर पैदा होगा और किसी को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। नीतीश बोले कि जो आज सरकारी नौकरी की बात कर रहे हैं, जब वो सत्ता में थे तो कितने लोगों को रोजगार दिया तब तो काफी वक्त तक बिहार-झारखंड एक ही था।

उन्होंने तेजस्वी यादव के 10 लाख के वादे पर पलटवार करते हुए कहा कि बिहार में उनकी 15 साल सरकार थी जिसमें बिहार और झारखंड एक था। फिर भी 95 हजार लोगों को नौकरी मिली. उन्होंने कहा, जब हमलोगों को मौका मिला तो 6 लाख से ज्यादा लोगों को सरकारी नौकरी दी। तेजस्वी को जवाब देते हुए नीतीश कुमार ने कहा, कोई बोलता है जिसे क ख ग घ का ज्ञान नहीं है।

Desk Team