बिहार के मुंगेर जिले में दशरथपुर स्टेशन के पास शनिवार को ब्रह्मपुत्र मेल के जेनरेटर यान डिब्बे में आग लग गयी। यह खंड पूर्वी रेलवे के मालदा मंडल के अंतर्गत आता है। गेटमैन ने आग देखकर दशरथपुर स्टेशन के स्टेशन मास्टर को सूचित किया। उन्होंने ट्रेन के गार्ड से संपर्क किया जिन्होंने 14055 अप डिब्रूगढ़ से दिल्ली जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल को रोका ।
पूर्वी रेलवे के मुख्य जन संपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) निखिल चक्रवर्ती ने बताया कि रेलवेकर्मियों ने जेनरेटर यान डिब्बे को बाकी ट्रेन से अलग किया जिसके बाद यह यात्रा के लिए आगे बढ़ी। सीपीआरओ ने बताया कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
दशरथपुर के स्टेशन मास्टर ललन कुमार ने बताया कि समय रहते आग का पता चलने के कारण नुकसान सीमित रहा । सीपीआरओ ने बताया कि आग के कारणों की पड़ताल के लिए रेलवे अधिकारी जांच करेंगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गार्ड के डिब्बे के पास ट्रेन के आखिर में जेनरेटर यान से उन्होंने धुआं उठते हुए देखा। जमालपुर रेलवे स्टेशन के सूत्रों ने बताया कि आग बुझाने के लिए बिजली रोकने के कारण सुबह 10 बजे से करीब दो घंटे तक ट्रेन सेवा बाधित हुई ।


Download Android App
Download iOS App



