इस वर्ष होने वाले लोकसभा के चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नीत महागठबंधन प्रत्याशियों के बिहार में सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने को लेकर आज राजद नेताओं की अहम बैठक हुयी, जिसमें चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की गैर मौजूदगी में उनके छोटे पुत्र और बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के आज यहां सरकारी आवास पर राजद के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुयी।
बैठक में राजद के 11 जिलों के पार्टी के विधायक, विधान परिषद, के सदस्य एवं जिलाध्यक्षों ने भाग लिया। बैठक लगभग तीन घंटे तक चली। बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर जिलाध्यक्षों के साथ ही विधायकों एवं विधान पार्षदों से फीडबैक लिये गये।
साथ ही पार्टी प्रत्याशियों के दावों पर भी संभवत: मंथन किया गया। ऐसा समझा जा रहा है कि मिशन 2019 के तहत महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित किये जाने को लेकर यह बैठक बुलायी गयी है। राजद की इस बैठक में प्रतिपक्ष के नेता श्री यादव के साथ ही राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह, शिवानंद तिवारी और प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द, पूर्वे के अलावा कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



