बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इस बीच गुरुवार को बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार लिए जा रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी के हेलीकॉप्टर में अचानक से तकनीकी खराबी आ जाने के कारण पटना हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैडिंग करनी पड़ी। इस क्रम में 40 मिनट तक सांसद का हेलीकॉप्टर हवा में ही मंडरता रहा।
सांसद मनोज तिवारी के साथ सफर करने वाले नील बख्शी ने बताया कि ”पटना एयरपोर्ट से सुबह 10.10 बजे हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और उसके जाने के तुरंत बाद एयर ट्रैफिक कंट्रेाल (एटीसी) के साथ नियंत्रण समाप्त हो गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर पटना हवाई अड्डे के ऊपर ही उड़ता रहा।”
उन्होंने बताया कि 40 मिनट के बाद किसी तरह एटीसी से संपर्क हो सका तब अन्य उड़ानों को रोककर हेलीकाप्टर को सुरक्षित पटना हवाई अड्डे पर उतारा गया। सांसद तिवारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि बेतिया जाने के बाद सांसद को मोतिहारी के कल्याणपुर में एक चुनावी सभाा को संबोधित करना था। उन्होंने बताया कि अन्य एक हेलीकॉप्टर आ रहा है, सांसद उस हेलीकॉप्टर से चुनावी प्रचार के लिए रवाना होंगे। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का हेलीकॉप्टर भी हवाई अड्डे के तारों और दीवारों से टकरा गया था, जिससे हेलीकॉप्टर के पंखे क्षतिग्रस्त हो गए थे।


Download Android App
Download iOS App



