बिहार की राजधानी पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र में म्यूजियम के निकट एक अपार्टमेंट की छत से आज पूर्व महानिरीक्षक (आईजी ) की पुत्री ने 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि म्यूजियम के निकट अपार्टमेंट की छत से एक युवती ने कूदकर आत्महत्या कर ली है।
मृतका की पहचान पूर्व आईजी उमा शंकर सुधांशु की पुत्री स्निगधा के रूप में की गयी है। स्निगधा की शादी कल किशनगंज के जिलाधिकारी महेंद्र कुमार के साथ होने वाली थी। वरीय पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लगता है। छत से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
अपार्टमेंट से सुसाइड करने वाली रिटायर्ड आईजी की बेटी का शनिवार को ही तिलक हुआ था, वहीं सोमवार 10 दिसम्बर को शादी होने वाली थी। सुसाइड की घटना से रिटायर्ड आईजी का परिवार भी सन्न है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पटना के डीएम कुमार रवि और एसएसपी मनु महाराज समेत स्थानीय थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को अभी तक किसी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। इस हाई प्रोफाइल मामले को लेकर पटना पुलिस के अधिकारी भी फिलहाल कुछ बोलने के मूड में नहीं हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक कुर्सी, स्टूल और मोबाइल बरामद किया है। शादी के एक दिन पहले हुई इस घटना से सभी सन्न हैं।


Download Android App
Download iOS App




